Fourth Pillar Live
यूपी डेस्क : बंगाल की खाड़ी पर बने गहन अवदाब के कारण मानसून की सक्रियता बढ़ गई है। पिछले दो दिन से लखनऊ और आसपास समेत पूर्वी एवं दक्षिणी यूपी के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में पूर्वांचल में बारिश की तीव्रता और बढ़ेगी। शुक्रवार देर शाम तक इसका असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी देखने को मिलेगा। इस दौरान करीब 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलने का पूर्वानुमान है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिणी उड़ीसा-उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश पर संकेंद्रित अवदाब के प्रभाव से यूपी में वर्षा में व्यापक वृद्धि के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान करीब 24 जिलों में दिन के तापमान में चार से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही सामान्य बारिश का कोटा भी पूरा हो सकता है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में 28 सितंबर तक रुक-रुककर वर्षा का दौर जारी रहेगा। शनिवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या और आसपास के जिलों में अत्यधिक भारी बारिश के आसार हैं। इसके अलावा पूर्वी यूपी के सभी जिलों में रविवार तक भारी बरसात की उम्मीद जताई गई है। 29 अक्टूबर से मौसम साफ होना शुरू होगा और चार अक्टूूबर से बारिश का दौर पूरी तरह थम जाएगा। लखनऊ में गुरुवार बादलों की आवाजाही के बीच हल्की वर्षा और हवा चलने की वजह से दिन का पारा सामान्य से 3.6 डिग्री लुढ़क कर 29.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। ज्यादातर जिलों में दिन का पारा सामान्य से नीचे बना रहा।