Fourth Pillar Live
यूपी डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गति बढ़ेगी तो प्रगति और प्रगति से समृद्धि आती है। वह गोरखपुर में लिंक एक्सप्रेस वे का भगवानपुर टोल प्लाजा पर लोकार्पण कर रहे थे। सात हजार 283 करोड़ की लागत से बने 91 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ा गया है। इससे गोरखपुर से लखनऊ की दूरी मात्र तीन घंटे में पूरी हो जाएगी। लिंक एक्सप्रेस वे के किनारे औद्योगिक गलियारा का विकास किया जा रहा है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ के सलारपुर में लिंक एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। लिंक एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करते हुए भगवानपुर स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला जैसे ही सिकरीगंज क्षेत्र में पहुंचा, लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। सड़कों के किनारे खड़े होकर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री का काफिला सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्धारित समय पर पहुंचा। भारी पुलिस बल, कमांडो दस्ते और एस्कॉर्ट वाहनों के साथ मुख्यमंत्री का कारवां इलाके से गुजरा। लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर इस ऐतिहासिक पल को रिकॉर्ड किया। जगह-जगह तमाम ग्राम प्रधान व भाजपा कार्यकर्ता स्वागत में बैनर लगाये लोग स्वागत के लिए खड़े रहे।