यूपी दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, बरेली के बाद गोरखपुर पहुंचीं

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश पहुंची हैं। सबसे पहले वह बरेली पहुंची जहां वह भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के 11वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने छात्रों को गोल्ड मेडल प्रदान किए। बरेली के बाद दोपहर 1:01 बजे के करीब राष्ट्रपति गोरखपुर एयरपोर्ट पर पहुंचीं। सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उनके साथ ही आए। यहां आने के बाद सीएम और राज्यपाल ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। यहां राष्ट्रपति का दो दिन का कार्यक्रम है। वह प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय के लोकार्पण सहित तीन बड़े शिक्षा संस्थानों के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। आज शाम वह वह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गोरखपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होकर मेधावियों को पदक प्रदान करेंगी।  

एम्स गोरखपुर के पहले दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 1:10 घंटे रहेंगी। वह कसया रोड स्थित गेट नंबर एक से एम्स परिसर में दाखिल होंगी और सीधे आडिटोरियम पहुंचेंगी। इसी गेट से निकलकर वह वापस सर्किट हाउस जाएंगी। दीक्षा समारोह के मंच पर राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, सांसद रविकिशन शुक्ल, एम्स के चेयरमैन देशदीपक वर्मा और कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) डा. विभा दत्ता मौजूद रहेंगी। रोगियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए गेट नंबर दो खुला रहेगा।

दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में एम्स प्रशासन दिन-रात लगा हुआ है। सांसद रविकिशन शुक्ल ने रविवार शाम कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीएम कृष्णा करुणेश और कार्यकारी निदेशक के साथ आडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरी व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। कहा कि मोदी-योगी युग की उपलब्धियों का गोरखपुर जीवंत उदाहरण है। महायोगी गुरु गोरक्षनाथ की तपोभूमि पर राष्ट्रपति का आगमन क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण व ऐतिहासिक क्षण है। यह सभी के लिए सम्मान का विषय है। राष्ट्रपति गोरखपुर पहुंचकर यहां के विकास का साक्षात अनुभव करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *