गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी, नॉनवेज खाने के आरोप में FIR

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क: वाराणसी के कोतवाली थाने में पुलिस ने गंगा की पावन धारा में नाव पर सवार होकर इफ्तार पार्टी करने वाले मुस्लिम युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. रमजान के दौरान युवकों ने नाव पर इफ्तार करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था. भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि युवकों ने इफ्तार में चिकन बिरयानी खाकर हड्डियां गंगा में फेंकीं, जिससे पवित्र नदी अपवित्र हुई. यह घटना सनातन धर्मावलंबियों की आस्था को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से की गई. पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है. भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष ने अपने लेटर हेड पर दी तहरीर में इस कृत्य को निंदनीय और घृणित बताया है. उनका कहना है कि मां गंगा करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं और वहां नॉनवेज खाना एक गहरी साजिश का हिस्सा है.

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ये युवक जानबूझकर जेहादी मानसिकता को बढ़ावा दे रहे हैं ताकि जनमानस में आक्रोश व्याप्त हो. संगठन ने मांग की है कि ऐसे लोगों को बिना देर किये गिरफ्तार किया जाए और इस कृत्य को दोबारा होने से रोकने के लिए कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएं. इस मामले में केवल इफ्तार करने वालों पर ही नहीं, बल्कि नाव संचालक पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की गई है. शिकायतकर्ता ने पुलिस से अनुरोध किया है कि नाव चालक का चालान किया जाए और उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द हो. पुलिस अब वायरल वीडियो के जरिए उन युवकों की पहचान करने में जुटी है जिन्होंने इस पार्टी का आयोजन किया था. वाराणसी पुलिस का कहना है कि विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर अगली वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *