गुल्लक चोरी हुआ तो डीएम की अनूठी पहल बनी चर्चा का विषय

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : कानपुर के कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में उस समय एक भावुक नजारा देखने को मिला, जब दो छोटी बच्चियां अपनी मां के साथ जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह के सामने पहुंचीं. इन बच्चियों की शिकायत किसी बड़े विवाद से नहीं, बल्कि उनकी गुल्लक में जमा पैसों से जुड़ी थी, जिसे किसी ने निकाल लिया था. जाजमऊ क्षेत्र की रहने वाली शन्नो अपनी बेटियों इस्वा खान और मरियम फातिमा के साथ डीएम कार्यालय पहुंचीं. उन्होंने बताया कि उनकी बच्ची इस्वा लंबे समय से अपनी मिट्टी की गुल्लक में पैसे जमा कर रही थी. कभी रिश्तेदारों से मिले रुपये, कभी जेब खर्च से बचाए पैसे और कभी घर में मिले सिक्के, वह धीरे-धीरे गुल्लक में डालती थी. बच्ची को उम्मीद थी कि गुल्लक भरने के बाद वह अपने लिए स्कूल बैग या जरूरी सामान खरीदेगी. लेकिन पारिवारिक विवाद के दौरान उसकी वही गुल्लक खाली हो गई. महिला ने आरोप लगाया कि घर में ही किसी ने गुल्लक तोड़कर उसमें रखे पैसे निकाल लिए. इस मामले की शिकायत पहले थाने में भी की गई थी, लेकिन वहां इसे घरेलू मामला मानकर कोई कार्रवाई नहीं की गई. इसके बाद बच्चियां अपनी मां के साथ सीधे जिलाधिकारी के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंच गई. जब डीएम ने बच्ची से पूछा कि वह गुल्लक में क्या रखती थी, तो इस्वा ने मासूमियत से बताया कि वह रोज थोड़ा-थोड़ा पैसा बचाती थी. बच्ची की यह बात सुनकर वहां मौजूद सभी लोग कुछ देर के लिए भावुक हो गए.

जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बच्चियों की शिकायत को गंभीरता से लिया और थाना जाजमऊ प्रभारी को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने वहां मौजूद हर शख्स का दिल छू लिया. डीएम ने दोनों बच्चियों को अपने पास बुलाया, उनसे बात की और फिर उन्हें नई मिट्टी की गुल्लक और स्कूल बैग भेंट किए. इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी जेब से दोनों गुल्लक में एक-एक हजार रुपये भी डाले. उन्होंने बच्चियों से कहा कि अब यह तुम्हारी नई गुल्लक है और इसमें जो पैसे रखोगी, वह सुरक्षित रहेंगे. नई गुल्लक और बैग मिलने के बाद दोनों बच्चियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देने लगी. जो बच्चियां कुछ देर पहले उदास थीं, अब मुस्कुरा रही थीं. उन्होंने हाथ जोड़कर डीएम का धन्यवाद किया. जिलाधिकारी ने इस मौके पर कहा कि यह अच्छी बात है कि बच्चियां बचपन से ही पैसे बचाने की आदत डाल रही हैं. उन्होंने बच्चियों को आगे भी बचत करने के लिए प्रेरित किया. जनता दर्शन में रोज कई शिकायतें आती हैं, लेकिन इस छोटी सी घटना ने वहां मौजूद लोगों के दिल में एक अलग जगह बना ली. यह घटना न सिर्फ एक अधिकारी की संवेदनशीलता को दिखाती है, बल्कि यह भी बताती है कि छोटी-छोटी बातें भी किसी के लिए कितनी बड़ी हो सकती हैं.

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *