महोबा में पत्नी और बेटे के सदमे में पति ने कब्र पर तोड़ा दम

Fourth Pillar Live

यूपी डेस्क : कहते हैं मौत सिर्फ एक इंसान को नहीं मारती, बल्कि पूरे हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ देती है. महोबा जनपद के चरखारी कस्बे में मोहब्बत और सदमे की एक ऐसी ही खौफनाक और मार्मिक दास्तान सामने आई है. मूल रूप से मध्य प्रदेश के हरपालपुर के रहने वाले 40 वर्षीय सुब्हान अहमद चरखारी में अपनी ससुराल में थे. बीती 25 मई को काल बनकर आई हीट वेव ने उनके 6 साल के मासूम बेटे हसनैन को हमेशा के लिए छीन लिया. कलेजे के टुकड़े की मौत की खबर सुनते ही माँ रजिया खातून का दिल भी फट गया और उन्होंने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया. महज 11 दिन पहले एक साथ उठे दो जनाजो ने सुभान को भीतर से खोखला कर दिया था. वह अपनी पत्नी और सबसे छोटे बेटे से बेपनाह मोहब्बत करते थे. गम का यह पहाड वो सह नहीं पा रहे थे. शुक्रवार सुबह तड़के 4 बजे, सुभान अपनी पत्नी और बच्चे की याद में तड़पते हुए कब्रिस्तान पहुंच गए. जब दो घंटे तक वह वापस नहीं लौटे, तो परिजन उन्हें ढूंढते हुए कब्रिस्तान पहुंचे.

वहां का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई. सुभान सजदे की हालत में अचेत पड़े थे, उनका एक हाथ बेटे की कब्र पर था और दूसरा हाथ अपनी बीबी की कब्र पर था. कब्रों से लिपटे हुए मृत मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने सुब्हान को मृत घोषित कर दिया. परिजनों के मुताबिक सुब्हान के पैर पर एक निशान मिला है, जिससे आशंका है कि कब्र पर लेटे हुए उन्हें किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया होगा, या फिर दिल टूटने और गहरे सदमे ने उनकी जान ले ली.मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी. लेकिन इस दर्दनाक घटना ने सुब्हान के पीछे छूटे तीन बच्चों 17 साल के सैफ, 14 साल की रोशनी और 11 साल की आलिया के सिर से  -बाप का साया हमेशा के लिए छीन लिया है. 11 दिनों के भीतर एक ही घर में तीन मौतों से पूरा इलाका सदमे में है, और अब इन बेसहारा अनाथ बच्चों के भरण-पोषण के लिए हर कोई सरकार से मदद की गुहार लगा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *