Fourth Pillar Live
यूपी डेस्क: यूपी की राजधानी लखनऊ में दबंगों का उत्पात देखने को मिला है। सर्वोदय नगर बंधा रोड पर बालाजी भोजनालय में रविवार शाम करीब सवा पांच बजे 10-12 दबंगों ने 35 वर्षीय प्रापर्टी डीलर मुरसलीन को दौड़ाकर तीन गोलियां मारी। मुरसलीन को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं। हमलावर तीन एसयूवी कार से भोजनालय पर पहुंचे थे। कई हमलावर सीसी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस की चार टीमें हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। दोनों पक्षों में दोपहर भी इसी भोजनालय पर विवाद हुआ था। अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी पंकज कुमार सिंह के मुताबिक सर्वोदय नगर में रहने वाले मुरसलीन प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। रविवार शाम करीब पांच बजे वह बंधा रोड पर बालाजी भोजनालय पर पहुंचा। उस समय भोजनालय के संचालक सिपाही लाल और कुछ कर्मचारी भी थे। इस बीच करीब सवा पांच बजे तीन कारों पर सवार 10-12 लोग पहुंचे। उनके हाथ में असलहे थे। कार से उतरकर मुरसलीन को ललकारते हुए भोजनालय में घुसे। मुरसलीन उन्हें देखकर भागे। हमलावरों ने मुरसलीन को दौड़ा कर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। तीन गोलियां मुरसलीन की पीठ पर लगीं। वह मौके पर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर गाली-गलौज करते हुए निकले और उसकी कार में तोड़फोड़ कर फरार हो गए। घटना से आस पड़ोस में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग अपनी दुकाने बंद कर अंदर हो गए। घायल मुरसलीन को क्षेत्र स्थित सद्भावना अस्पताल ले जाया गया। जहां से हालत नाजुक देख उसे ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। ट्रामा में मुरसलीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। गाजीपुर इंस्पेक्टर, एसीपी अनिद्य विक्रम सिंह और अफसरों ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि भोजनालय मुरसलीन के चाचा अफसर अली का है। उन्होंने सिपाही लाल को वह इमारत लीज पर दे रखी है। दो हमलावर अरसलान और फैज की पहचान कर ली गई है। इसके अलावा अन्य की पहचान के प्रयास जारी हैं। हमलावर मुरसलीन के चाचा के रिश्तेदार हैं। दोपहर होटल पर मुरसलीन बैठा था। इस बीच अरसलान, फैज और कुछ अन्य लोग खाना खाने के लिए वहां पहुंचे थे। चूंकि अर्सलान और फैज का मुरसलीन से पुराना विवाद था। इसलिए मुरसलीन ने भोजनालय संचालक सिपाही लाल से उन्हें खाना देने के लिए मना कर दिया था। अरसलान ने यह जानकारी अफसर अली को दी। अफसर अली ने मुरसलीन को फोन कर कहा कि रिश्तेदार हैं उन्हें खाना खा लेने दीजिए। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में दोपहर विवाद हुआ था। शाम को मुरसलीन जब होटल पर पहुंचा तो पीछा करते हुए अरसलान, फैज और अन्य लोग भी कार से आ गए। उन्होंने दौड़ाकर गोली मार दी। हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। मुरसलीन मूल रूप से बाराबंकी के कुर्सी का रहने वाला है।